Search

October 4, 2026 9:40 pm

दुर्गा पूजा पर पूजा पंडालों की व्यवस्था सुधारने की तैयारी, नगर परिषद की विशेष बैठक में बनेगी रणनीति।

स्वच्छता, रोशनी, पेयजल और नालियों की सफाई पर होगा मंथन, उपाध्यक्ष राणा ओझा की पहल पर बुलाई गई बोर्ड की बैठक।

पाकुड़। दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सड़कों से लेकर पूजा पंडालों तक बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है। इसको लेकर नगर परिषद बोर्ड की विशेष बैठक 5 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे नगर परिषद सभागार में होगी। उपाध्यक्ष राणा ओझा की पहल और 12 वार्ड पार्षदों के आग्रह पर बुलाई गई इस बैठक में स्वच्छता, पथ प्रकाश, पेयजलापूर्ति और जलनिकासी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। पाकुड़ नगर क्षेत्र में करीब 24 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। इन स्थानों पर नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई, कचरा उठाव, पर्याप्त कूड़ेदान और नालियों की सफाई सुनिश्चित करना नगर परिषद के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। बैठक में पूजा स्थलों के साथ शहर के सभी 21 वार्डों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा शाम और रात के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था पर भी चर्चा होगी। पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ पूजा पंडालों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की कार्ययोजना भी बनाई जाएगी। नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है। मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले, इसके लिए नगर परिषद प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विशेष बोर्ड बैठक का उद्देश्य समय रहते सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर जरूरी तैयारियां पूरी करना है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!