Search

October 16, 2026 12:08 am

साले की संपत्ति पर कब्जे की सनक में जीजा की बेरहमी से हत्या, खदान में फेंका शव

कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट, पाकुड़ पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर; तीन गिरफ्तार

पाकुड़। साले की संपत्ति और वेतन पर कब्जा जमाने की कथित साजिश में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को खाट की रस्सी से बांधकर बंद पत्थर खदान के गहरे पानी में फेंक दिया गया। मालीपाड़ा स्थित खदान से मिले अज्ञात शव के इस सनसनीखेज मामले का पाकुड़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी मृतक के साले के मकान में किराएदार था।

एसपी ने किया हत्याकांड का खुलासा

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि 13 अक्टूबर को नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित बंद पत्थर खदान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली। मृतक की पहचान दुमका जिले के घोबना निवासी मंटू दास के रूप में हुई, जो वर्तमान में पाकुड़ के धनुषपूजा में रह रहे थे।

साले की देखभाल के बहाने संपत्ति पर कब्जे की साजिश

पुलिस के मुताबिक, मृतक मंटू दास का साला साबिर सोरेन पशुपालन विभाग, पाकुड़ में कार्यरत है। वह आरोपी आलोक मुर्मू के घर में किराए पर रहता था। साबिर की देखभाल मंटू दास करते थे। पुलिस की जांच में सामने आया कि आलोक मुर्मू की नजर साबिर के वेतन और संपत्ति पर थी। आरोप है कि उसने मंटू दास को रास्ते से हटाने की योजना बनाई, ताकि साबिर को विश्वास में लेकर उसकी देखभाल के नाम पर वेतन का लाभ उठाया जा सके और भविष्य में संपत्ति पर कब्जा किया जा सके।

कुल्हाड़ी-हथौड़े से हमला, फिर खदान में फेंका शव

पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत आलोक मुर्मू ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर मंटू दास पर कुल्हाड़ी और लोहे के हथौड़े से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से खाट की रस्सी काटकर शव को मृतक की पल्सर मोटरसाइकिल से बांधा गया और मालीपाड़ा की बंद खदान में फेंक दिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में आलोक मुर्मू, पिता स्व. मनोज मुर्मू, निवासी सिमलोती, थाना शिकारीपाड़ा, जिला दुमका (वर्तमान पता धनुषपूजा, पाकुड़); प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिंस हेम्ब्रम, दोनों पिता प्रशांत हेम्ब्रम, निवासी धनुषपूजा, पाकुड़ शामिल हैं।पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लोहे का हथौड़ा, पटुआ की रस्सी, कटी हुई खाट, खून लगा झोला और कपड़ा बरामद किया है। इसके अलावा मृतक की पल्सर मोटरसाइकिल (JH-04V-4094), जो खदान से बरामद हुई, तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर 220 मोटरसाइकिल (JH-16K-5241) भी जब्त की गई है।

एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से खुला राज

हत्याकांड के उद्भेदन में एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक जॉन मुर्मू, पुलिस अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात, अभिषेक कुमार, अनन्त साह, निधुश रजक, सुबल कुमार दे, तकनीकी शाखा के अरविन्द कुमार राय, आरक्षी सूरज मुर्मू और नगर थाना के सशस्त्र बल ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

IMG 20261015 WA0011

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!