राहुल दास
हिरणपुर(पाकुड़): हिरणपुर में प्रतिबंधित मार्ग पर कोयला डंफरों के परिचालन को लेकर जिला परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार की रात जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मुजाहिद अंसारी ने औचक जांच अभियान चलाकर सात कोयला डंफरों को पकड़ा और उन पर कुल 76 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।दरअसल, जिला प्रशासन की ओर से हिरणपुर-मोहनपुर पथ पर कोयला डंफरों के परिचालन पर पूर्व से ही रोक लगाई गई है। साथ ही वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित रूट का पालन करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर खाली कोयला डंफरों का परिचालन जारी था। बताया जाता है कि अधिकांश वाहन रात के अंधेरे में इस मार्ग से गुजर रहे थे।इसी की शिकायतों के मद्देनजर डीटीओ मुजाहिद अंसारी ने गुरुवार रात करीब 10 बजे हिरणपुर हाईस्कूल मोड़ के समीप मुख्य सड़क पर अचानक जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक के बाद एक सात कोयला डंफरों को रोककर उनके कागजात और परिचालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सभी वाहनों पर कुल 76 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।कार्रवाई के दौरान डीटीओ ने वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि सभी वाहन निर्धारित रूट से ही परिचालित होंगे। सरकारी आदेश और परिवहन नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई के बाद कोयला डंफर संचालकों में हड़कंप है। अब देखना होगा कि प्रशासन की इस सख्ती से प्रतिबंधित मार्ग पर वाहनों का परिचालन वास्तव में रुकता है या नहीं।





