बीएलओ और पर्यवेक्षकों को मतदाता सूची के सत्यापन, त्रुटियों में सुधार और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर
पाकुड़िया। प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने एसआईआर कार्य को पारदर्शी, त्रुटिरहित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी की उपस्थिति में आयोजित बैठक में एसआईआर की प्रगति और कार्यों के निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों को मतदाताओं से संबंधित जानकारी एवं दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन करने, मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने तथा सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, एसआईआर कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया। बैठक में मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा सभी संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर बीपीओ जगदीश पंडित, निर्वाचन कंप्यूटर ऑपरेटर ललिन मरांडी, बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।





