साफ-सफाई, रोशनी और बुनियादी सुविधाओं पर जोर, व्रतियों की सहूलियत के लिए नगर परिषद ने तेज किया काम।
पाकुड़। आस्था के महापर्व छठ को लेकर पाकुड़ में तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर नगर परिषद ने पहल तेज कर दी है। मंगलवार को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र चौधरी ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त के निर्देश के आलोक में कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को सभी घाटों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और रोशनी की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्य, नगर मिशन प्रबंधक, सफाई सुपरवाइजर और संबंधित कर्मी मौजूद थे।






