Search

October 30, 2026 12:53 am

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार का मौका, 30-31 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक आठ केंद्रों पर होगी व्यवस्था, प्रपत्र-6, 7 और 8 जमा कर सकेंगे मतदाता

पाकुड़। मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को पूरा कराने के लिए जिले में 30 और 31 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत आयोजित इन कैंपों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने और विवरण में सुधार से संबंधित आवेदन जमा किए जा सकेंगे। कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, 30 अक्टूबर को उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय दुबराजपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गंधाईपुर, मध्य विद्यालय पाइकपाड़ा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सीतापहाड़ी और रहसपुर के अलावा पंचायत भवन जयकिष्टोपुर, नसीपुर और इलामी में कैंप लगाए जाएंगे।
वहीं, 31 अक्टूबर को भी इन्हीं विद्यालयों और पंचायत भवनों में निर्धारित मतदान केंद्रों के मतदाताओं के लिए विशेष कैंप आयोजित होंगे। इस दिन जयकिष्टोपुर के स्थान पर पंचायत भवन ईशाकपुर में कैंप लगेगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए दोनों दिनों में अलग-अलग मतदान केंद्रों को शामिल किया गया है।

इन प्रपत्रों के जरिए कर सकेंगे आवेदन

कैंप में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के लिए प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 और प्रपत्र-8 आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा किए जा सकेंगे। प्रशासन ने मतदाताओं से अपने संबंधित कैंप स्थल पर निर्धारित समय में पहुंचकर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। इसका उद्देश्य एसआईआर के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को समय पर पूरा करना और मतदाताओं को आवेदन के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराना है।

किस दिन कहां लगेगा कैंप

30 अक्टूबर को दुबराजपुर में मतदान केंद्र संख्या 429 से 431, गंधाईपुर में 421 से 424, पाइकपाड़ा में 394 से 396, सीतापहाड़ी में 400 से 401, रहसपुर में 292 से 296, जयकिष्टोपुर में 223 से 225, नसीपुर में 334 से 338 और इलामी में 256 से 259 तक के मतदान केंद्रों के मतदाताओं के लिए कैंप लगेगा। 31 अक्टूबर को दुबराजपुर में मतदान केंद्र संख्या 432 से 434, गंधाईपुर में 425 से 428, पाइकपाड़ा में 397 से 399, सीतापहाड़ी में 402 से 405, रहसपुर में 297 से 303, ईशाकपुर में 217 से 219, नसीपुर में 339 से 343 और इलामी में 260 से 263 तक के मतदान केंद्रों के मतदाता कैंप का लाभ ले सकेंगे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!