प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता थाना प्रभारी विवेक कुमार ने की। बैठक में लिट्टीपाड़ा दुर्गा मंदिर परिसर एवं करियोडीह गांव में होने वाले गणेश चतुर्थी महोत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों को प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने, डीजे की आवाज पर नियंत्रण रखने, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, दोनों पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष सहित समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।





