Search

November 6, 2026 4:18 am

दहेज के लिए दो लाख रुपये की मांग, विवाहिता को बंधक बनाकर गला घोंटने का प्रयास; पति समेत पांच पर केस।

मुंबई में प्रताड़ना और मारपीट का आरोप, पेट्रोल डालकर जलाने की भी दी गई थी धमकी; महेशपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महेशपुर थाना में पति, सास, ससुर, ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कांड संख्या 184/2026, दिनांक 04 नवंबर 2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाट पोखरिया गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी के बाद उसका पति उसे मुंबई ले गया, जहां उस पर गांजा और शराब बेचने का दबाव बनाया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। पीड़िता का यह भी आरोप है कि पति ने शादी से पहले अपनी वास्तविक स्थिति छिपाई थी और मुंबई में उसका पहले से दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध था।
शिकायत में सबसे गंभीर आरोप करीब चार माह पुरानी घटना को लेकर लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार, पति ने उसे कमरे में बंद कर हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर गला दबाने का प्रयास किया। किसी तरह वह इस प्रताड़ना से बाहर निकली।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष लगातार मायके से दो लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसका खाना-पीना बंद कर दिया जाता था और पेट्रोल छिड़ककर घर में ही जिंदा जलाने की धमकी दी जाती थी। पीड़िता के मुताबिक, शादी के समय उसके पिता ने 1.20 लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल के लिए 1.10 लाख रुपये, दो भरी सोने के आभूषण, 10 भरी चांदी के जेवर और अंगूठी दी थी। इसके बावजूद दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ना जारी रही। शिकायत के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के माता-पिता ससुराल पहुंचे थे, ताकि आपसी बातचीत से विवाद सुलझाया जा सके। आरोप है कि वहां सास, ससुर और ननद ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और शाम सात बजे धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इस घटना को लेकर पीड़िता की मां ने पाईकोर थाना में भी शिकायत दी थी। फिलहाल महेशपुर पुलिस ने पति समेत पांच आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!