तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल के साथ काली मेले का भी हुआ उद्घाटन, हजारों दर्शक बने रोमांचक मुकाबले के गवाह।
इकबाल हुसैन
महेशपुर। मानिकपुर पंचायत के काजिरकोड़ा (कैदामारा) फुटबॉल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। हिहिड़ी पिपिड़ी क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल और प्रसिद्ध काली मेले का उद्घाटन विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने किया।
फाइनल मुकाबला एफसी मार्गोंमुंडा और पश्चिम बंगाल की एफसी कोटासौर टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः एफसी कोटासौर ने बाजी मारते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया, जबकि उपविजेता एफसी मार्गोंमुंडा को झामुमो जिला सचिव माईकिल मुर्मू और प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने संयुक्त रूप से 80 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, एकजुटता और टीम भावना को मजबूत करता है। झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा निखारनी चाहिए। काली मेले की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। मेले में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में झामुमो जिला सचिव माईकिल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद, प्रखंड संगठन सचिव मो. असद, रद्दीपुर ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता, एसआई सुरेंद्र प्रसाद, बाबुधन मुर्मू सहित क्लब के पदाधिकारी, झामुमो कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक मौजूद थे।









