Search

November 11, 2026 10:11 pm

निशा भगत की संदिग्ध मौत पर पाकुड़ में भाजपा का हल्लाबोल, न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता।

कैंडल मार्च और प्रदर्शन, सीबीआई जांच, दोषियों की गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को 10 करोड़ मुआवजा देने की उठाई मांग।

पाकुड़। आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत को लेकर भाजपा ने बुधवार को पाकुड़ जिले में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पाकुड़ नगर में सोहन मंडल के नेतृत्व में अंबेडकर चौक से गांधी चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया, वहीं पाकुड़िया में सिद्धू-कान्हू चौक पर जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में मोमबत्तियां जलाकर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
पाकुड़ नगर में आयोजित कैंडल मार्च में भाजपा नेताओं ने निशा भगत की मौत को गंभीर मामला बताते हुए उनके द्वारा कथित तौर पर उठाए गए मुद्दों, बयानों और वीडियो की गहन जांच कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज और महिलाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली निशा भगत की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े किए हैं। जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा ने सीबीआई जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 10 करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई। वहीं पाकुड़िया में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘हेमंत सोरेन गद्दी छोड़ो’ और ‘निशा भगत के दोषियों को फांसी दो’ जैसे नारे लगाकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को मामले में गंभीरता दिखाते हुए निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने महिला सुरक्षा और राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निशा भगत को न्याय मिलने तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर राज्य के 500 से अधिक मंडलों में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात भी कही गई। पाकुड़ नगर के कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, मनीष राज चौबे, मिथिलेश ठाकुर, धर्मेंद्र त्रिवेदी, प्राची चौधरी, पार्वती देवी, पंकज शाह, अनिकेत गोस्वामी और रतन भगत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पाकुड़िया में मंडल अध्यक्ष संजीव भगत, अजय भंडारी, उमेश साहा, अमित कुमार, विजय भगत, सोलेन मरांडी, जयदेव साहू, करण मुर्मू, मुख्तार अंसारी और सुनील मडैया सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।

IMG 20261111 WA0032

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!