Search

November 11, 2026 10:11 pm

भाइयों की लंबी उम्र के लिए बहनों ने सजाई पूजा की थाली, तिलक लगाकर मांगी सलामती की दुआ

भैया दूज और भाई फोटा पर जिलेभर में दिखी परंपरा और प्रेम की झलक, उपहारों के साथ मजबूत हुआ भाई-बहन का रिश्ता

पाकुड़। भाई-बहन के अटूट रिश्ते में स्नेह, विश्वास और समर्पण की मिठास घोलने वाला भैया दूज का पर्व बुधवार को जिलेभर में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार की रौनक छाई रही। बहनों ने पूजा की थाली सजाई, भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और आरती उतारकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। मिठाई खिलाकर बहनों ने अपने स्नेह का इजहार किया तो भाइयों ने भी उपहार देकर बहनों के प्रति प्यार जताया और हर परिस्थिति में साथ निभाने का वादा किया। बंगाली समुदाय में यह पर्व ‘भाई फोटा’ के रूप में मनाया गया। हिरणपुर, महेशपुर और पाकुड़िया समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों में बहनों ने चंदन और पूजन सामग्री से भाइयों के ललाट पर फोटा लगाया। कई जगहों पर गाय के गोबर से घरौंदा बनाकर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गई। पारंपरिक रीति के अनुसार बहनों ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए और विधि-विधान से भाइयों की मंगलकामना की। पर्व की खासियत यह रही कि दूर-दराज में रहने वाली बहनें भी भाइयों के घर पहुंचीं और परिवार के साथ खुशियां बांटीं। हिरणपुर बाजार, सुंदरपुर, गोपालपुर, डांगापाड़ा, तोड़ाई, देवपुर, महेशपुर के चांडालमारा तथा पाकुड़िया बाजार, मोंगलाबांध, तेतुलिया, चौकिसाल, पारुलिया, श्रीधरपाड़ा, बन्नोग्राम और रामदेवकुंडी समेत दर्जनों गांवों में पर्व को लेकर उत्साह दिखा। घरों में विशेष पकवान और मिठाइयां बनाई गईं। बाजारों में भी मिठाई और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल रही।

IMG 20261111 WA0037

यमुना ने भाई यमराज को लगाया था तिलक, तभी से चली आ रही परंपरा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व को यम द्वितीया भी कहा जाता है। पौराणिक कथा के मुताबिक, इसी दिन यमुना ने अपने भाई यमराज को घर बुलाकर उनका स्वागत-सत्कार किया और तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना की थी। तभी से भाई की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना के साथ यह परंपरा मनाई जाती है। यह त्योहार केवल रस्मों तक सीमित नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते में जीवनभर साथ निभाने और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत करने का संदेश भी देता है।

IMG 20261111 WA0038
IMG 20261111 WA0034
IMG 20261111 WA0035
IMG 20261111 WA0036

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!