फल, नारियल और पूजन सामग्री की दुकानों पर बढ़ी रौनक; छठ घाटों की तैयारियां अंतिम चरण में
पाकुड़। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पाकुड़ में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। फल, नारियल, सूप, दउरा, बांस के सामान, मिट्टी के बर्तन और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, घरों, मोहल्लों, दुकानों और मॉल में बज रहे छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा है। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी है। व्रती और श्रद्धालु पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। पर्व को लेकर दुकानदारों में भी खासा उत्साह है। बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से त्योहार की रौनक साफ दिखाई देने लगी है।
घाटों पर तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप।
इधर, शहर के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, मरम्मत, सजावट, रोशनी और पहुंच पथ को दुरुस्त करने का काम अंतिम चरण में है। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।





