उपायुक्त और एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग, सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक दिए सख्त निर्देश।
पाकुड़। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रमुख छठ घाटों और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी होगी। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए तीन क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं।
उपायुक्त ने सभी घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पहुंच पथ और जलस्तर की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था रहेगी। वहीं, अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर विशेष रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है। एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से तैनात रहने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। नगर थाना, महेशपुर और पुलिस लाइन में तीन क्यूआरटी तैनात रहेंगी। यातायात व्यवस्था के लिए तय स्थानों पर एंट्री प्वाइंट बनाए जाएंगे, जिन्हें श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी तक नहीं खोला जाएगा। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लगातार क्षेत्र भ्रमण करने और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।






