Search

November 13, 2026 9:09 pm

छठ की खुशियों में किसी का घर न रहे सूना, 91 जरूरतमंद व्रतियों की मदद को आगे आया ब्याहुत संघ।

2017 से निभा रहा सामाजिक जिम्मेदारी, अगले वर्ष 101 परिवारों तक सहायता पहुंचाने का लक्ष्य

पाकुड़। छठ महापर्व की खुशियां समाज के हर घर तक पहुंचे और आर्थिक तंगी किसी की आस्था में बाधा न बने, इसी संकल्प के साथ ब्याहुत संघ ने एक बार फिर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। संघ की ओर से ब्याहुत विवाह भवन में आयोजित कार्यक्रम में 91 जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच सूप सहित पूजा की आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इस पहल के जरिए संघ ने जरूरतमंद परिवारों को पर्व की तैयारियों में सहयोग देने के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया। संघ के प्रतिनिधि किशन कुमार ने बताया कि जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण का अभियान वर्ष 2017 में शुरू किया गया था। पिछले कई वर्षों से संघ निरंतर इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। पर्व की सार्थकता तभी है, जब समाज का हर वर्ग इसकी खुशियों में शामिल हो सके। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता करना संघ अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानता है। इस सेवा अभियान को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार भगत, डॉ. श्याम भगत, काली शंकर भगत और प्रदीप कुमार भगत सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संघ की महिलाओं और युवाओं ने भी उत्साह के साथ सहयोग किया।

अगले साल 101 व्रतियों तक पहुंचेगी मदद।

ब्याहुत संघ ने इस अभियान को और विस्तार देने का संकल्प लिया है। संघ के सदस्यों ने अगले वर्ष कम से कम 101 जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरित करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे सेवा कार्यों में आगे आने की अपील की है। संघ की यह पहल पर्व की खुशियां बांटने के साथ समाज में सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत कर रही है।

IMG 20261113 WA0083
IMG 20261113 WA0084 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!