Search

November 13, 2026 10:56 pm

वोट के अधिकार पर संकट, सदन में जवाब देने से क्यों भाग रही सरकार? भाजपा पर विजय हांसदा का तीखा हमला।

एसआईआर की प्रक्रिया पर उठाए सवाल, गलत मतदाताओं के नाम जोड़ने से लेकर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने तक लगाए गंभीर आरोप

पाकुड़/ राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया और संसद में सरकार के रवैये को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रियाओं के नाम पर आम जनता को पहचान के संकट में डालकर परेशान किया जा रहा है, जबकि लोकतंत्र में उसके सबसे बड़े अधिकार यानी मतदान के अधिकार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सांसद ने कहा कि एसआईआर के तहत इस्तेमाल किए जा रहे नियमों और प्रारूपों की प्रमाणिकता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया चुनाव आयोग के बजाय आईटी मंत्रालय से सीधे जुड़कर संचालित हो रही है, तो गलत मतदाताओं को जोड़ने के आरोप भाजपा पर भी उठने चाहिए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा उठाने वाली भाजपा को पहले अपनी प्रक्रिया की पारदर्शिता स्पष्ट करनी चाहिए। सांसद विजय कुमार हांसदा ने आरोप लगाया कि आधार कार्ड, बैंक एनरोलमेंट और दूसरे दस्तावेजों के नाम पर नई-नई प्रक्रियाएं थोपकर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनका फायदा आम जनता के बजाय पूंजीपति मित्रों को पहुंचाने की कोशिश हो रही है। संसद के आगामी सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल में पहली बार ऐसा लग रहा है कि सरकार सदन का सामना करने से बच रही है। विपक्ष लगातार सदन में आमने-सामने की बहस और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार जवाब देने से कतरा रही है। उन्होंने भाजपा पर असंवैधानिक तरीकों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक पदों पर बैठे शीर्ष नेताओं ने कितनी बार मीडिया के सामने आकर खुले सवालों का जवाब दिया है। सांसद ने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। यदि देश और राज्य में निष्पक्ष चुनाव हो जाएं तो जनता अपने मताधिकार के जरिए खुद जवाब दे देगी। लोकतंत्र में नागरिक के वोट की अहमियत सर्वोपरि है, लेकिन मौजूदा प्रक्रियाएं आम लोगों के सामने पहचान और अधिकारों का संकट खड़ा कर रही हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!