151वीं जयंती पर हाटपाड़ा में प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, बिरसा चौक से रानी दिग्घी घाट तक निकली स्वच्छता दौड़; घाट पर अधिकारियों ने किया श्रमदान।
पाकुड़। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर रविवार को पाकुड़ में श्रद्धा, उत्साह और जनभागीदारी का माहौल दिखा। जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने उनके संघर्ष, साहस और आदर्शों को याद करते हुए स्वच्छ एवं विकसित झारखंड बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत हाटपाड़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। उपायुक्त मेघा भारद्वाज, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपायुक्त ने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के इतिहास का गौरवशाली दिन है। इसी दिन वर्ष 2000 में अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ था। भगवान बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष और क्रांतिकारी विचारों से आदिवासी समाज में नई चेतना जगाई। उनके जीवन से स्वाभिमान, साहस और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। इसके बाद बिरसा चौक से रानी दिग्घी छठ घाट तक ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त, डीडीसी समेत जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स और शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दौड़ के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रानी दिग्घी छठ घाट पहुंचने के बाद उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों और प्रतिभागियों ने परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे हर व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। घर से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक सफाई बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व को लेकर विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि 17 से 27 नवंबर तक जिले में स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर होने वाली इन गतिविधियों में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।












