Search

November 15, 2026 8:39 pm

बिरसा मुंडा की जयंती पर एकजुट दिखे राजनीतिक दल, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि।

भाजपा, कांग्रेस और झामुमो ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर धरती आबा के संघर्ष, बलिदान और झारखंड आंदोलन को किया याद।

पाकुड़। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को पाकुड़ जिले में श्रद्धा और सम्मान का माहौल रहा। इस मौके पर भाजपा, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया। पाकुड़ के बिरसा चौक पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं महेशपुर में भाजपा और झामुमो की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी दलों के नेताओं ने धरती आबा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पाकुड़ नगर में भाजपा नगर अध्यक्ष सोहन मंडल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू मुख्य रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मिसाल है। खूंटी के उलिहातू में जन्मे बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंककर आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनका बलिदान और संघर्ष आज भी देशवासियों को अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में 15 नवंबर 2000 को झारखंड अलग राज्य बना। आज राज्य स्थापना दिवस हमें अपने महापुरुषों और आंदोलनकारियों के योगदान की याद दिलाता है। इधर, कांग्रेस नगर कमेटी की ओर से नगर अध्यक्ष कृष्णा यादव की अध्यक्षता में बिरसा चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेसजनों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर धरती आबा को नमन किया। कृष्णा यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन किया। उनके विचारों पर चलकर समाज में एकता, भाईचारा और न्याय की भावना मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। महेशपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल मिश्रा के नेतृत्व में छात्रावास परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई। कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं झामुमो प्रखंड कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद के नेतृत्व में जयंती एवं झारखंड स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में जिला सचिव माईकिल मुर्मू ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान झारखंड की पहचान एवं अस्मिता का आधार है। वहीं अब्दुल वदूद ने कहा कि झारखंड वर्षों के आंदोलन और अनगिनत आंदोलनकारियों के त्याग का परिणाम है। राज्य की जल, जंगल, जमीन, भाषा और संस्कृति की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रमों में भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, महामंत्री रूपेश भगत, राहुल मिश्रा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष कृष्णा यादव, मोहम्मद नजरुल अंसारी, झामुमो जिला सचिव माईकिल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद सहित तीनों दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।

IMG 20261115 WA0060
IMG 20261115 WA0058
IMG 20261115 WA0059

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!