पाकुड़ में रबी कार्यशाला सह फसल बीमा प्रशिक्षण संपन्न, जिले भर के पैक्स व लैम्प्स कर्मी हुए शामिल
संयुक्त सहकारिता भवन में जिला स्तरीय रबी कार्यशाला आयोजित,
संयुक्त सहकारिता भवन सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन
पाकुड़: पाकुड़ जिला सहकारिता विभाग की ओर से बुधवार को शहर के दुर्गापुर स्थित संयुक्त सहकारिता भवन सभागार में एक दिवसीय जिला स्तरीय रबी कार्यशाला सह बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर की विभिन्न सहकारी समितियों (एमपीसीएस, लैम्प्स व पैक्स) के अध्यक्ष, सचिव एवं कर्मियों को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और आधुनिक कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला सहकारिता पदाधिकारी (डीसीओ) चंद्रजीत खलखो ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें फसल बीमा जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं से जोड़ना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समितियों के कंप्यूटरीकरण और पारदर्शी लेखा-जोखा से किसानों का विश्वास बढ़ेगा, इसलिए सभी प्रतिनिधि अद्यतन तकनीकों को आत्मसात कर क्षेत्र में बेहतर कार्य करें।प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेषज्ञों द्वारा रबी फसलों की वैज्ञानिक पद्धति से बुआई, समितियों में रोकड़ बही लेखन, कंप्यूटर संचालन, सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) केंद्र के सफल संचालन, जमावृद्धि योजना तथा बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।मौके पर उपस्थित सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (पाकुड़) प्रमोद कुमार, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी (मुख्यालय) रंजीत सिंह तथा लिट्टीपाड़ा के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी पदम किशोर महतो ने सभी प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को धरातल पर तत्परता से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए एटीएम, बीटीएम, जनसेवक, वीएलई, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि समेत काफी संख्या में लैम्प्स व पैक्स प्रतिनिधि और कर्मी उपस्थित रहे।


Related Posts

मतदाता सूची से योग्य वोटरों का नाम कटने नहीं देंगे कांग्रेसी, पंचायत-बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प




