Search

November 21, 2026 9:10 pm

अपराधियों की अब खैर नहीं! पाकुड़ पुलिस ने कसी कमर, वारंट-कुर्की के 50% निष्पादन का लक्ष्य तय

अवैध खनन से नशे के कारोबार तक पुलिस का चलेगा विशेष अभियान, अक्टूबर में दर्ज 86 मामलों से अधिक 89 कांडों का किया निष्पादन।

पाकुड़। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पाकुड़ पुलिस ने सख्त रणनीति तैयार की है। अब फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंट-कुर्की के निष्पादन, अवैध खनन और नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सभी थाना और ओपी प्रभारियों को लंबित वारंट एवं कुर्की के कम से कम 50 प्रतिशत निष्पादन का लक्ष्य देते हुए कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया है। शनिवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित अक्टूबर माह की मासिक अपराध गोष्ठी में जिले की अपराध नियंत्रण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान अक्टूबर महीने में कुल 86 कांड दर्ज होने और इसके मुकाबले 89 कांडों का निष्पादन किए जाने की जानकारी सामने आई। एसपी ने शेष लंबित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा।

अवैध खनन और नशे के कारोबार पर विशेष नजर।

अवैध पत्थर, कोयला और बालू के उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन टास्क फोर्स के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, अवैध मादक पदार्थों और शराब की खरीद-बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में अनुसंधान और कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया। इसी दौरान नगर थाना कांड संख्या 262/2026 में छापेमारी कर 30 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने पुरस्कृत किया।

पुराने अपराधियों की खुलेगी हिस्ट्री, बढ़ेगी निगरानी

पिछले पांच वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय रहे और दोषसिद्ध अपराधियों पर नियंत्रण के लिए उनके नाम सीसीए, निगरानी पंजी और गुंडा पंजी में दर्ज कराने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया। पॉक्सो एक्ट के मामलों का निर्धारित समयसीमा में निष्पादन तथा आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में भी तेजी लाने की हिदायत दी गई।

सड़क पर नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई।

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए एसपी ने यातायात पुलिस और सभी थाना प्रभारियों को डीटीओ के साथ समन्वय बनाकर अलग-अलग समय और स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। हेलमेट, सीट बेल्ट, रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस की जांच के साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। सड़क दुर्घटना से संबंधित मामलों को ई-डीएआर पोर्टल पर दर्ज करना भी अनिवार्य किया गया।

थाने पहुंचने वालों से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को दो टूक निर्देश दिया कि शिकायत लेकर आने वाले लोगों और महिलाओं को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाए। उनकी समस्याएं शालीनता से सुनकर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्कूल-कॉलेज, हाट-बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर साइबर अपराध, मानव तस्करी, महिला उत्पीड़न, डायन प्रथा, बाल विवाह, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। महिला थाना प्रभारी को प्रत्येक सप्ताह स्कूल-कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में लंबित पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन और परिवाद पत्रों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, दोनों अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!