मालीपाड़ा पुल के खतरनाक मोड़ पर हुआ हादसा, गश्ती पुलिस ने दिखाई तत्परता; घायलों को वाहन से निकाल पहुंचाया अस्पताल।
सड़क सुरक्षा विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
पाकुड़। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और सड़क के खतरनाक मोड़ एक बार फिर हादसे की वजह बने। गुरुवार की देर रात करीब 11:30 बजे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा पुल के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एन (JH 16J 0777) अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे। तीनों साहिबगंज जिले के कोटालपोखर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसा उस समय हुआ, जब वाहन मालीपाड़ा पुल के पास पहुंचा। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो पुल से नीचे जा गिरी।
गश्ती पुलिस बनी घायलों का सहारा
हादसे के बाद संयोग से मुफ्फसिल थाना की गश्ती टीम वहां से गुजर रही थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर नजर पड़ते ही पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे तीनाें कंचन घोष, प्रमोद कुमार शाह एवं अजीत कुमार तीनों घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायल व्यक्तियों का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के बाहर रेफर कर दिया गया। मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि घटना रात करीब 11:30 बजे के बीच की है। वाहन में तीन लोग सवार थे और तीनों घायल हुए हैं। घायलों की आपसी रिश्तेदारी की पुष्टि नहीं हो सकी है।
खतरनाक मोड़ पर चेतावनी बोर्ड तक नहीं, आखिर किस हादसे का इंतजार कर रहा परिवहन विभाग?
मालीपाड़ा पुल के समीप सड़क पर मौजूद तीखा मोड़ दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ाता है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त संकेतक होना बेहद जरूरी है। सवाल यह है कि जिला परिवहन विभाग और सड़क सुरक्षा टीम की नजर अब तक इस खतरनाक मोड़ पर क्यों नहीं पड़ी? क्या सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल हेलमेट जांच और चालान काटने तक सीमित रह गई है?
सड़कों पर वाहन जांच के दौरान नियमों का पालन कराने में सक्रियता दिखाने वाले विभाग को उन स्थानों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए, जहां थोड़ी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। मालीपाड़ा पुल का यह हादसा विभाग के लिए चेतावनी है। समय रहते यहां चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो अगली बार हादसे का परिणाम और भी भयावह हो सकता है। एक तरफ पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायलों की जान बचाने के लिए तत्काल मदद की, वहीं दूसरी तरफ सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।







