भाजपा के राजनीतिक लाभ के लिए लाया जा रहा परिसीमन बिल, आम जनता पर बढ़ेगा बोझ : श्रीकुमार सरकार
परिसीमन से बढ़ेगा देश का खर्च, जनता पर चार हजार करोड़ का बोझ : श्रीकुमार
पाकुड़: परिसीमन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने परिसीमन बिल पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ और केवल भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने वाला कदम करार दिया है।
अपनी सुविधा के अनुसार क्षेत्रों को बांटने की साजिश
श्रीकुमार सरकार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश या जनता के हित के बजाय अपनी पार्टी को आजीवन सत्ता में बनाए रखने के उद्देश्य से परिसीमन करा रही है। उन्होंने कहा कि सीटें बढ़ाने के बाद भाजपा अपनी सुविधा के अनुसार भौगोलिक क्षेत्रों का बंटवारा करेगी। जहां-जहां विपक्षी दल मजबूत हैं, उन क्षेत्रों को दो-तीन हिस्सों में बांटकर कमजोर करने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वोटों को भी बांटने की रणनीति बनाई जा रही है, ताकि चुनाव में केवल भाजपा उम्मीदवारों को फायदा मिल सके।
करदाताओं पर बढ़ेगा चार हजार करोड़ का अतिरिक्त बोझ
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सीटों की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत पर सवाल उठाते हुए कहा कि सांसदों की संख्या बढ़ने से उनके वेतन और भत्तों पर करीब तीन से चार हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। यह सारा बोझ देश के करदाताओं और गरीब जनता की जेब पर ही पड़ेगा।

विकास कार्यों में नहीं होगी कोई आसानी
पाकुड़, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव से विकास कार्यों को गति मिलने के दावों को खारिज करते हुए श्रीकुमार सरकार ने कहा कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई आसानी नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि यह कदम न तो विकास के हित में है और न ही लोकतंत्र के लिए सही है, बल्कि इससे सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों और मतदाताओं के अधिकार भी प्रभावित होंगे।







