राजकुमार भगत
जिले के 25 हजार बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का लिया संकल्प
उपायुक्त ने अभियान के तहत शतप्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
जिले के विभिन्न प्रखंड में स्कूल रूआर कार्यक्रम के तहत प्रखंडस्तरीय रूआर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बताया गया कि जिले में 3 से 18 आयु वर्ग के लगभग 25 हजार बच्चों को चिन्हित किया गया है। वैसे सभी बच्चों को जोड़ने के लिए है स्कूल रुआर कार्यक्रम चलाया जा रहा है। बताया गया कि जो बच्चे विद्यालय छोड़ चुके है, उन्हें वापस लाने एवं उन्हें शिक्षित करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। विद्यालय में अनामांकित 3 से 18 आयु वर्ग के सभी बच्चों को हमे विद्यालय में वापस लाना है। इसके अलावा कक्षा 1 से 11 में नामांकित सभी बच्चों को अगली कक्षा में नामांकन सुनिश्चित करते हुए नामांकित सभी बच्चों का विद्यालय में उपस्थिति भी सुनिश्चित कराना है। बताया गया कि यह कार्यक्रम 15 जुलाई तक चलाया जाएगा। जिसमें विद्यालय के शिक्षक के द्वारा 22 से 30 जून तक बाल पंजी का अद्यतीकरण व विद्यालय से बाहर के बच्चों को सूचीबद्ध करना है। वही शिक्षा विभाग के सभी शिक्षक कर्मी एवं पदाधिकारी को स्कूल रूआर के तहत कार्य योजना को पूर्ण करना है। बताया गया कि जिले के उपायुक्त जिले को शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयासरत है। उनके द्वारा शिक्षा विभाग को समय-समय पर आवश्यक दिशा निर्देश दिया जा रहा है। उपायुक्त वरूण रंजन ने इस अभियान में सभी वर्ग के बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन कराने की बात कही है। जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों के भी बच्चे विद्यालय से वंचित न रह जाए ,इसका विशेष ध्यान रखने की बात कही गई है।










