ओपेन स्काई स्कूल में चलाया गया जागरुकता अभियान
सतनाम सिंह
पाकुड़। मंगलवार को ओपेन स्काई स्मार्ट स्कूल, पाकुड़ के प्रांगण में असैनिक शल्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशानुसार पीo सीo आईo के जिला समन्वयक पदाधिकारी अमित अग्रवाल के द्वारा फलेरिया उन्मूलन हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में श्री अग्रवाल ने बच्चों को बताया कि फलेरिया जिसे हाथी पांव भी कहते हैं एक लाइलाज बीमारी है। इसका बेक्टेरिया एक बार शरीर में प्रवेश करने के बाद लगभग 7 से 8 साल तक निष्क्रिय रहता है, एक बार लक्षण प्रकट होने के बाद फलेरिया पूरी तरह से ठीक नही होता है। अतः हमें इसके रोकथाम के लिये फलेरिया की दवा पूर्व में सेवन करना जरूरी है। यह दवा पूरी तरह से सुरक्षित है इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। अगर किसी व्यक्ति में दवा खाने के बाद उल्टी या सिर चकराने जैसे लक्षण दिखते हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है ये लक्षण एक से दो घंटे में स्वतः ठीक हो जाते हैं। इस दवा का सेवन दो वर्ष से अधिक उम्र के सभी बच्चों एवं व्यक्तियों को करना जरूरी है। सिर्फ गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को इस दवा के सेवन से बचना चाहिये। सरकार द्वारा फलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम पाकुड़ जिला अंतर्गत 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलाया जाएगा। इस दवा का सेवन भोजन या नाश्ता के बाद करना चाहिये। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से अनुरोध किया कि विद्यालय अभिभावकों के बीच फलेरिया उन्मूलन संबंधी जागरूकता फैलायें तथा आसपास के क्षेत्र में जनजागरूकता हेतु प्रभातफेरी निकालें।











