Search

July 19, 2026 2:48 am

तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर का सफल समापन, 17,401 आवेदन प्राप्त।

पंचायत स्तर पर मिली सुविधा, 1,479 प्रमाण-पत्र आवेदनों का हुआ त्वरित निष्पादन; लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश।

पाकुड़: आम जनता को पंचायत स्तर पर ही जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण-पत्र जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 15 जून से 17 जून 2026 तक जिले के सभी अंचलों में लगाए गए इस विशेष शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बड़ी संख्या में आवेदन जमा किए। शिविर के दौरान जिलेभर से कुल 17,401 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 7,792 जाति प्रमाण-पत्र, 9,039 आवासीय प्रमाण-पत्र एवं 570 आय प्रमाण-पत्र के आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों में से कुल 1,479 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। इसमें 928 जाति प्रमाण-पत्र, 469 आवासीय प्रमाण-पत्र एवं 82 आय प्रमाण-पत्र शामिल हैं। शेष लंबित आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया संबंधित अंचलों में तेजी से जारी है। जिला प्रशासन का यह विशेष अभियान आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत देने और आवश्यक प्रमाण-पत्र की सुविधा उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया था। शिविरों में अंचल अधिकारियों, राजस्व कर्मियों, पंचायत सचिवों, जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए ग्रामीणों को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शिविर की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों को सरल, सुलभ, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि पात्र लाभुकों को निर्धारित समय पर प्रमाण-पत्र मिल सके। जिला प्रशासन के इस अभियान से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत और प्रमाण-पत्र सेवाओं को लेकर प्रक्रिया हुई आसान।

img 20260618 wa00216998656181901122732
img 20260618 wa00223749835183712976477

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!