पाकुड़िया। प्रखंड के मोंगला बाँध गांव में पवित्र बांग्ला बैसाख माह के समापन अवसर पर आयोजित हौरी वासर धार्मिक अनुष्ठान शनिवार को भव्य घुलौट कीर्तन के साथ संपन्न हो गया। पूरे आयोजन के दौरान गांव समेत आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। अनुष्ठान का शुभारंभ शुक्रवार रात्रि पंडित दिवाकर मिश्रा द्वारा विधि-विधान से पूजा-पाठ एवं संध्या आरती के साथ किया गया। इसके बाद पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध कीर्तन गायिका वीणा अधिकारी एवं उनकी टीम ने बांग्ला लीला कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शनिवार सुबह कुंज भंग कीर्तन की प्रस्तुति के साथ धार्मिक कार्यक्रम आगे बढ़ा। इसके उपरांत पश्चिम बंगाल के जयपुर, नारायणपुर, सयपुर समेत कई गांवों से पहुंचे सैकड़ों कीर्तनीयों और श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ घुलौट संकीर्तन यात्रा निकाली। संकीर्तन मंडलियों ने पूरे मोंगला बाँध गांव का भ्रमण करते हुए भक्ति गीतों पर झूमते-गाते संकीर्तन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर मंडलियों का स्वागत किया। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच शर्बत और बतासा का वितरण भी किया गया। धुलौट कीर्तन के दौरान पूरा क्षेत्र हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
गौरतलब है कि मोंगला बाँध के सनातन समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष प्रथम बैसाख से एक माह तक घर-घर एवं गांव-गांव जाकर संकीर्तन किया जाता है। इसी क्रम में एक माह तक चले धार्मिक आयोजन का समापन शनिवार को घुलौट कीर्तन के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अशोक वर्मा, लखींद्र पाल, सीतु पाल, राजेश पाल, जितेन पाल, मिथुन पाल समेत कई युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।







