महेशपुर/पाकुड़िया, 9 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने गुरुवार को पाकुड़ जिले के महेशपुर और पाकुड़िया नगर इकाइयों में 78वाँ स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया। दोनों स्थानों पर ध्वजारोहण, वृक्षारोपण, विद्यार्थियों को जागरूक करने वाले कार्यक्रम तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया। महेशपुर हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत नगर मंत्री रोहित यादव ने परिषद के ध्वज का ध्वजारोहण कर की। इसके बाद गढ़बाड़ी हाई स्कूल परिसर में कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला संयोजक सन्नी तिवारी ने कहा कि अभाविप पिछले 78 वर्षों से राष्ट्रहित, शिक्षा में सुधार और छात्र अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
पूर्व कार्यकर्ता राहुल मिश्रा ने कहा कि अभाविप केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि समाज सेवा का भी सशक्त माध्यम है। रक्तदान, स्वच्छता अभियान, महिला सुरक्षा, जनजातीय शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में परिषद लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
नगर मंत्री रोहित यादव ने कहा कि परिषद का मूल मंत्र “सेवा, संस्कार और संगठन” है और इन्हीं मूल्यों के आधार पर संगठन विद्यार्थियों और समाज के बीच अपनी पहचान बनाए हुए है। कार्यक्रम में महेशपुर हाई स्कूल के स्काउट एंड गाइड के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वहीं पाकुड़िया नगर इकाई की ओर से सरस्वती शिशु मंदिर में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष किशोर गुप्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि पूर्व नगर मंत्री रॉकी कुमार पाल रहे। अपने संबोधन में रॉकी कुमार पाल ने कहा कि अभाविप की स्थापना शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचारमुक्त बनाने और विद्यार्थियों की राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हुई थी। उन्होंने कहा, “विद्यार्थी कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज का वर्तमान है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुशल आचार्य ने अभाविप के छात्रहित और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद ने +2 हाई स्कूल पाकुड़िया में आईटी विषय की प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर कथित अवैध वसूली के खिलाफ प्रभावी आवाज उठाई थी। साथ ही हाल में आयोजित नौ दिवसीय महायज्ञ के दौरान स्वच्छता अभियान चलाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें संदीप राय ने प्रथम, बोनोश्री दाफादार ने द्वितीय तथा अंकिता पान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नगर अध्यक्ष किशोर गुप्ता ने कहा कि वंदे मातरम् विषय पर ऐसे कार्यक्रम सरकारी विद्यालयों में भी आयोजित होने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसके इतिहास और महत्व से परिचित हो सकें। कार्यक्रमों में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीत साहा, खेलो भारत प्रमुख जीत दास, सौरभ तिवारी, काजल दास, शिवशंकर भगत, मुन्ना यादव, दीपांशु सिंह, सुबोध दास, राणा सिंह, रोशन यादव, देवदास, गुंजन तिवारी, नगर मंत्री विनीत जायसवाल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगीत और “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।







