Search

May 26, 2026 9:37 pm

बकरीद पर अलर्ट मोड में प्रशासन, पाकुड़ में डीसी-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई; संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी, शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील

पाकुड़। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में निकला यह मार्च आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के साथ-साथ शांति और भाईचारे का संदेश देता दिखा। फ्लैग मार्च सिदो कान्हू मुर्मु पार्क से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल के जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च करते हुए लोगों को यह संदेश दिया कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जिला प्रशासन बकरीद को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे।

img 20260526 wa00244282082551849461891
img 20260526 wa00234498812592462226128

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!