जमानत के बाद आलमगीर की वापसी से कार्यकर्ताओं में जोश, सीएम आवास मुलाकात से सियासत में हलचल।
रांचीं: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आलमगीर आलम ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान पाकुड़ विधायक निशात आलम, झारखंड कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम तथा गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। मुलाकात की तस्वीर सामने आते ही झारखंड की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।गौरतलब है कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है। बुधवार को जेल से बाहर आने के बाद उनके रांची स्थित आवास पर कांग्रेस और झामुमो के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और सांसदों का जमावड़ा लगा रहा। नेताओं ने उनसे मुलाकात कर हालचाल जाना और राजनीतिक हालात पर भी चर्चा की।हालांकि मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर आलमगीर आलम ने इसे सिर्फ औपचारिक भेंट बताया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। जमानत मिलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री आवास पहुंचना राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।इधर, आलमगीर आलम ने संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही अपने विधानसभा क्षेत्र पाकुड़ का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले मेडिकल चेकअप कराया जाएगा, इसके बाद क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की जाएगी। वहीं, आगे की राजनीतिक रणनीति पर निर्णय भी कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद लिया जाएगा।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आलमगीर आलम की सक्रियता आने वाले दिनों में झारखंड कांग्रेस की राजनीति में नए समीकरण खड़े कर सकती है।












