पाकुड़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ द्वारा सभागार में वीर परिवार सहायता योजना 2025 और पृथ्वी दिवस के अवसर पर प्राकृतिक संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डालसा सचिव रूपा बंदना किरो की उपस्थिति में हुआ। उद्घाटन संयुक्त रूप से लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ सुबोध कुमार दफादार, डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल, मो. नुकुमुद्दीन शेख, सहायक अज़फर हुसैन विश्वास, गंगाराम टुडू तथा एक सेवानिवृत्त सैनिक ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सचिव रूपा बंदना किरो ने बताया कि वीर परिवार सहायता योजना 2025 के तहत सुरक्षा बलों के जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए जिले के थाना और प्रखंड स्तर तक पैरा लीगल वॉलंटियर्स की तैनाती की गई है, ताकि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। सहायक अज़फर हुसैन विश्वास ने पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं—स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा व विवाह अनुदान, विकलांग सहायता, प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति तथा शहीदों के माता-पिता के लिए पेंशन—की जानकारी दी और बताया कि इन योजनाओं के साथ कानूनी सहायता भी सुनिश्चित की जाती है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने जल संरक्षण, पौधारोपण, प्लास्टिक उपयोग में कमी और पेड़-पौधों की देखभाल जैसे मुद्दों पर जागरूक किया। सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, उनके परिजन, पैरा लीगल वॉलंटियर्स सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








