पाकुड़। जिलेभर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरी अकीदत, उत्साह और भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोगों ने विशेष नमाज अदा कर देश, समाज और क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी तथा प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
महेशपुर, पाकुड़िया, हिरणपुर सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों में बकरीद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महेशपुर प्रखंड के कनीझड़ा, धर्मखांपड़ा, सुहुबिल, रामपुर, आसकंधा, खांपुर, रोलग्राम, बलियाडांगा, चोटकेंदुआ, बड़कियारी, आभुआ, मानिकपुर, दमदमा, गंगाड़ा और पलसा समेत दर्जनों गांवों में लोगों ने ईदगाहों में नमाज अदा की। कई स्थानों पर हिंदू समुदाय के लोगों ने भी मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की बधाई दी, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। पाकुड़िया प्रखंड के मोगलाबांध, पालियादाहा, डोमंगड़िया, लकड़ापहाड़ी, राजपोखर, फुलझींझरी, धोबना, बाबुझूटी, सोरला और ढेकीडुबा सहित विभिन्न गांवों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने घरों में कुर्बानी दी तथा सेवइयों और विभिन्न पारंपरिक पकवानों से मेहमानों का स्वागत किया।
वहीं हिरणपुर प्रखंड के करणडांगा, विपतपुर, हाथकाठी पहाड़ी ईदगाह, डांगापाड़ा, बाबूपुर, रामाकुड़ा, बड़तल्ला और मंझलाडीह समेत अन्य इलाकों में भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। करणडांगा ईदगाह में मौलाना अब्दुल रहमान फैजी ने नमाज अदा कराई, जबकि विपतपुर में मौलाना दाऊद हफीज ने लोगों को कुर्बानी, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश देते हुए कहा कि कुर्बानी केवल पशु की नहीं, बल्कि बुराइयों, अहंकार और गलत आदतों को त्यागने का प्रतीक है। उन्होंने समाज में प्रेम, भाईचारा और इंसानियत को मजबूत करने की अपील की। इधर नौपाड़ा ईदगाह में भी पवित्र ईद-उल-अजहा की नमाज पूरी अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। सुबह से ही ईदगाह परिसर में नमाजियों की भीड़ लगी रही। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी तथा देश और क्षेत्र में अमन, चैन, खुशहाली एवं भाईचारे की दुआ मांगी। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक एवं जिला सोशल मीडिया चेयरमैन पियारूल इस्लाम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। महेशपुर में एसडीपीओ विजय कुमार, बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, सीओ संजय सिन्हा और थाना प्रभारी रवि शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। वहीं पाकुड़िया में बीडीओ सोमनाथ बनर्जी और थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो लगातार सक्रिय रहे। हिरणपुर में बीडीओ टुडू दिलीप, अंचलाधिकारी मनोज कुमार और थाना प्रभारी विनय कुमार ने विभिन्न नमाज स्थलों का जायजा लिया। नौपाड़ा ईदगाह में मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। जिले के सभी संवेदनशील स्थलों, ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास पुलिस बल एवं चौकीदारों की तैनाती की गई थी। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से पूरे जिले में ईद-उल-अजहा का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।









