इकबाल हुसैन
महेशपुर प्रखंड के कुलबुना से लखीपुर तक जर्जर सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर भाजपा महेशपुर मंडल अध्यक्ष राहुल मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि उक्त सड़क लंबे समय से जर्जर है, जिससे ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं, किसानों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल मिश्रा ने बीडीओ से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाकर जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी, मंडल उपाध्यक्ष रंजिता रजक, सौरभ तिवारी, सुजय माल, खोखन पहाड़िया, अचिन पहाड़िया, खेतु माल और गोपाल मंडल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।





