राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष को किया नमन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को किया याद
पाकुड़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को पाकुड़ के बैंक कॉलोनी स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नगर अध्यक्ष सोहन मंडल ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, अमृत पांडेय, नगर महामंत्री मनीष राज चौबे, कुंदन गोस्वामी, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज साह और धर्मेंद्र त्रिवेदी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत ने कहा कि सरदार पटेल का स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है। आजादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर उन्होंने अखंड भारत की नींव मजबूत की। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव के महत्व को याद करना है। सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण का संदेश देता है।





