किसानों के साथ विश्वासघात कर रही हेमंत सरकार: भाजपा
12 सूत्री मांग पत्र सौंप भाजपा ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
पाकुड़: झारखंड सरकार द्वारा किसानों के साथ वादा खिलाफी और विश्वासघात करने के विरोध में भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर बुधवार को पाकुड़ प्रखंड कार्यालय के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बाबूधन मुर्मू ने कहा कि वर्तमान हेमंत सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों को धान का 3200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन आज तक उसे लागू नहीं किया गया। इसके अलावा खाद और अनाज की कालाबाजारी बढ़ रही है तथा ओलावृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं से बर्बाद हुई फसलों का किसानों को उचित मुआवजा भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। भाजपा किसानों के हक की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
वहीं भाजपा नेता अमृत पांडेय ने कहा कि यह धरना-प्रदर्शन सरकार को उसके वादों की याद दिलाने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो भाजपा आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करेगी। भाजपा नेत्री मीरा प्रवीण ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय किसानों, महिलाओं और गरीबों से बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान आज भी खाद-बीज और मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। भाजपा किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के नाम 12 सूत्री मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू को सौंपा। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने सरकार से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।







