प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) – पंचम राज्य वित्त आयोग, झारखंड के अध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को आकांक्षी प्रखंड लिट्टीपाड़ा स्थित गुतु गलांग कल्याण ट्रस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वप्रथम ट्रस्ट के बोरा सिलाई केंद्र का दौरा किया और पहाड़िया समुदाय की महिलाओं से उनके कार्य और आय के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि प्रतिदिन 5 से 6 हजार बोरे सिलाई किए जाते हैं और महीने में करीब 1 से 1.5 लाख बोरे तैयार होते हैं, जिनका उपयोग राज्य के सभी 24 जिलों में डाकिया योजना अंतर्गत चावल पैकेजिंग के लिए किया जाता है। इससे प्रत्येक महिला को प्रतिमाह 6 से 7 हजार रुपये की आय हो रही है। ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी रूबी मालतो ने संस्था की शुरुआत से अब तक की पूरी कार्यप्रणाली और उपलब्धियों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने महिलाओं का उत्साहवर्धन किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बरबटी और बाजरा की पैकेजिंग कार्य और पलाश ब्रांड से जुड़ने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। इसके बाद अध्यक्ष ने डाकिया योजना के अंतर्गत चावल पैकेजिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर आयोग के सदस्य हरीश्र दयाल, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, बीडीओ संजय कुमार, जेएसएलपीएस डीपीएम प्रवीण मिश्रा, बीपीओ मानिक दास समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।







