पाकुड़। शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने और पाकुड़ को एक बार फिर स्वच्छता के क्षेत्र में पहचान दिलाने के लिए नगर परिषद ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। मंगलवार को नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के सभी 21 वार्डों की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, तालाबों, धार्मिक स्थलों और हटिया परिसर की सफाई को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक में तय हुआ कि प्रत्येक रविवार एक तालाब की विशेष सफाई कराई जाएगी। वहीं, हर शुक्रवार मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव होगा। सावन माह को देखते हुए शिवालयों और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास भी नियमित सफाई और ब्लीचिंग कराई जाएगी। इसके अलावा हटिया परिसर की नियमित सफाई और शहर में जमा कचरे के समय पर उठाव व समुचित निस्तारण की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि उत्कृष्ट स्वच्छता कार्यों के लिए पाकुड़ नगर परिषद को पूर्व में भारत सरकार से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुका है। अब लक्ष्य सफाई व्यवस्था में आई कमियों को दूर कर पाकुड़ को फिर से स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और आदर्श नगर के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों, पर्यवेक्षकों और जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय के साथ काम करने की अपील की।






