मेदिनीनगर (पलामू) : भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर अम्बेडकर नगर, बारालोटा वार्ड संख्या 04 में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रथम उपमेयर राकेश कुमार सिंह उर्फ मंगल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक मंच एवं योगा टीम के साथ अम्बेडकर पार्क में स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का आयोजन अम्बेडकर नौजवान क्लब एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर छात्रावास के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। उपस्थित जनसमूह ने बाबा साहेब के विचारों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से शिक्षा और एकता को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का संदेश पूरे वातावरण में गूंजता रहा। अंत में उपस्थित लोगों ने समाज में समानता, भाईचारे और न्याय को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए बाबा साहेब को शत-शत नमन किया।










