पाकुड़। झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के इस्लामपुर स्थित आवास पर रविवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पाकुड़िया और महेशपुर प्रखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने को लेकर पार्टी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। कांग्रेस पाकुड़ जिला महासचिव उपेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव मोहम्मद महबूब आलम, पाकुड़िया प्रखंड अध्यक्ष इस्लाम मियां, महेशपुर ओबीसी प्रखंड अध्यक्ष रफिकुर रहमान सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे। नेताओं ने पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। पाकुड़िया प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम मियां ने कहा कि प्रखंड में सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम को तेज किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ा जा सके।
वहीं पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन हित में काम करने की सलाह दी और कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है।






