Search

August 31, 2026 10:02 pm

राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, केंद्र सरकार का फूंका पुतला।

जिलाध्यक्ष कुमार सरकार के नेतृत्व में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, बोले- विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं।

पाकुड़। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर सोमवार को पाकुड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर नजर आया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार शाम जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और प्राथमिकी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार ने किया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए सरकारी संस्थाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कांग्रेस ने उठाया निष्पक्ष कार्रवाई का सवाल

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए नेताओं ने कहा कि कानून का इस्तेमाल राजनीतिक भेदभाव के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष कार्रवाई के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष के साथ-साथ मजबूत विपक्ष की भूमिका भी जरूरी है।

‘संविधान की रक्षा का संघर्ष जारी रहेगा’

पुतला दहन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। नेताओं ने स्पष्ट किया कि विपक्ष के नेताओं के खिलाफ कथित राजनीतिक कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, गुलाम अहमद उर्फ बकुल, मुख्तार हुसैन, शाहीन परवेज, मनवार आलम, अब्दुल बसीर शेख, डॉ. जोहरुल इस्लाम, मिथुन मरांडी, मोहम्मद सिराजुद्दीन, मोतिउर रहमान, डब्ल्यू शेख और तरीकुल शेख समेत जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

img 20260831 wa00063635396115482305209
img 20260831 wa00055821720251603386055

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!