विश्व साइकिल दिवस पर हुआ आयोजन, बालिका खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।
पाकुड़: खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत महिलाओं को खेलों से जोड़ने और साइकिलिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पाकुड़ शहर के बैंक कॉलोनी में खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ की ओर से किया गया। उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, जिला खेलकूद पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष अर्धेंदु शेखर गांगुली, उपाध्यक्ष सुजीत विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ पाल और एथलेटिक्स संघ उपाध्यक्ष जयदेव कुमार ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर और हरी झंडी दिखाकर किया। सब जूनियर बालिका वर्ग में कल्याणी सरकार ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंकिता मंडल दूसरे और साक्षी कुमारी पासवान तीसरे स्थान पर रहीं। जूनियर बालिका वर्ग में सुधा कुमारी विजेता बनीं, जबकि आशा हांसदा ने दूसरा और लक्ष्मी भगत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विश्व साइकिल दिवस के मौके पर बालक खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया। समापन समारोह में अतिथियों ने सफल खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है। छोटे शहरों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नगर परिषद हरसंभव सहयोग करेगा।
जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया। आयोजन को सफल बनाने में संघ के संयुक्त सचिव पंकज अग्रवाल, प्रवीण कुमार, अक्षय बावरी, जगबंधु दास, नारायण चंद्र रॉय, अनिल भगत, अज्जू मंडल, रोहित कुमार, नीतीश कुमार सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









