पाकुड़ | महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर बुधवार को सदर अस्पताल में जिला स्तरीय “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान की शुरुआत हुई। उपायुक्त मनीष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, विधायक प्रतिनिधि समेत कई जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में गर्भवती व धात्री महिलाओं, कुपोषित बच्चों और टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। मौके पर उपायुक्त ने सभी उपस्थित लोगों को स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और राष्ट्रीय पोषण माह अभियान की शपथ भी दिलाई। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि “एक स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार की नींव रखती है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर उनके जीवन को बेहतर बनाना है।” उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान को प्रभावी तरीके से चलाने का निर्देश दिया।









