Search

May 24, 2026 11:07 pm

अवैध खनन पर जिला खनन विभाग की छापेमारी, मामला दर्ज।

फॉरेस्ट जमीन पर किया जा रहा था पत्थर का अवैध खनन।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): जिला प्रशासन ने एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध पत्थर उत्खनन के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोहरी पहाड़ में सरकारी भूमि पर चल रहे अवैध खनन पर छापेमारी कर भारी मात्रा में बोल्डर जब्त किए गए हैं।
जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में खनन विभाग, वन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर छापेमारी की। सूचना मिली थी कि डोहरी पहाड़ में सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध रूप से पत्थर निकासी की जा रही है। मौके पर पहुंचने पर टीम को चौंकाने वाले हालात मिले। जांच में पाया गया कि लगभग 07–08 डिसमिल क्षेत्र में 5 से 6 फीट गहराई तक खुदाई कर बड़े पैमाने पर पत्थर का अवैध उत्खनन किया गया था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यहां से अब तक लगभग 25 से 30 ट्रैक्टर पत्थर निकालकर अवैध रूप से बाजार में खपाए जा चुके हैं।प्रशासनिक टीम की भनक लगते ही अवैध खनन में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि, टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 120 घनफुट बोल्डर जब्त कर सुरक्षित रखा। सभी जब्त सामग्री को हिरणपुर वन प्रक्षेत्र कार्यालय में जमा कराया गया है। इस संयुक्त कार्रवाई में जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार के साथ खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह और नवीन कुजुर, लिट्टीपाड़ा के प्रधान वनरक्षी अनुपम कुमार यादव, हिरणपुर के प्रधान वनरक्षी नसीरुल इस्लाम तथा पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार पंडित सहित भारी संख्या में सशस्त्र बल शामिल रहे।

प्रशासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए लिट्टीपाड़ा थाना में कांड संख्या 23/2026 दर्ज कराया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ न केवल अवैध खनन और चोरी, बल्कि पर्यावरणीय क्षति और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!