जिले में 7.81 लाख मतदाता, मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1068 हुई | 8 व 9 तथा 22 व 23 अगस्त को सभी बूथों पर लगेंगे विशेष शिविर।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत पाकुड़ जिले की प्रारूप मतदाता सूची गुरुवार को प्रकाशित कर दी गई। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन और स्थानांतरण के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक मतदाता 4 सितंबर तक संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची में जिले के कुल 7,81,740 मतदाता शामिल हैं। इनमें 3,86,534 पुरुष, 3,95,202 महिला और चार तृतीय लिंग के मतदाता हैं। वहीं 12,171 दिव्यांग मतदाता भी सूची में दर्ज हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 1014 से बढ़ाकर 1068 कर दी गई है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 8,50,574 मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इनमें 2,64,918 मतदाताओं ने स्वयं सत्यापन कराया, जबकि 4,88,353 का सत्यापन माता-पिता अथवा वंशज के माध्यम से हुआ। वहीं 28,469 मतदाता मैप नहीं हो सके। सत्यापन के दौरान 68,834 मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा नहीं हो सके, जिनमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित और पहले से नामांकित मतदाता शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। नाम हटाने, संशोधन और स्थानांतरण के लिए भी निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए 8 व 9 अगस्त तथा 22 व 23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाएंगे। वहीं 15 अगस्त को पंचायतों और शहरी वार्डों में ग्रामसभा एवं बैठकों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन देकर उसका सुधार कराएं। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।






