Search

August 25, 2026 12:04 pm

खलिहान में भीषण आग से धान की फसल जलकर खाक, किसानों को लाखों की क्षति।

अमड़ापाड़ा/पाकुड़। प्रखंड क्षेत्र के बोहड़ा गांव अंतर्गत लोवा टोला में शुक्रवार की रात खलिहान में लगी भीषण आग से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। खलिहान में रखे धान के पूंज (टाल) और पुआल में अचानक आग लग गई, जिससे पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। इस अगलगी की घटना में पीड़ित किसानों को एक लाख रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है। पीड़ित किसान सुनील मूर्मू एवं मार्टिन मुर्मू की पत्नी निर्मला मरांडी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे उन्हें खलिहान में आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक खलिहान में रखा धान और पुआल पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद शनिवार को पीड़ित किसानों ने अंचल अधिकारी औसाफ अहमद खां को आवेदन सौंपकर सरकारी सहायता की मांग की है। किसानों ने बताया कि साल भर की मेहनत से उपजी फसल के नष्ट हो जाने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

जांच के बाद सहायता का भरोसा

इस संबंध में अंचल अधिकारी औसाफ अहमद खां ने बताया कि पीड़ित किसानों से आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि विभाग में सीधे मुआवजे का प्रावधान नहीं है, लेकिन मामले की जांच कराई जाएगी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आपदा राहत कोष के अंतर्गत पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!