इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। कनिझाड़ा पंचायत के इंग्लिशपाड़ा चौक से कनिझाड़ा गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या अब दूर हो गई है। प्रशासन की पहल पर जल निकासी का मार्ग खुलवाए जाने के बाद सड़क से पानी की निकासी सुचारू हो गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिली है। जलजमाव की शिकायत मिलने पर बुधवार को अंचल अधिकारी संजय सिन्हा, थाना प्रभारी रवि शर्मा, हल्का कर्मचारी बाबूरजी बास्की और पंचायत सचिव नरूल होदा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जानकारी लेकर स्थिति का जायजा लिया और जल निकासी बाधित करने वाले लोगों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने की पहल की। अंचल अधिकारी ने संबंधित लोगों को तत्काल जल निकासी मार्ग खोलने का निर्देश दिया। सीओ संजय सिन्हा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से निजात दिलाना है। जलजमाव दूर होने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।







