बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बड़ा फैसला, कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों पर विशेष निगरानी।
राजकुमार भगत
पाकुड़। बोर्ड परीक्षा 2027 में बेहतर परिणाम के लिए डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ ने तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और कमजोर विषयों में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रभारी प्राचार्य राजू नंदन साहा की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि बोर्ड परीक्षा के एलओसी फॉर्म के लिए विद्यार्थियों की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी होगी। इससे कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को फॉर्म भरने में परेशानी हो सकती है। विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए सुबह 8 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक रेमेडियल कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया गया। शैक्षणिक स्तर के आधार पर विद्यार्थियों को ग्रेड-ए और ग्रेड-बी में बांटा जाएगा। ग्रेड-बी के विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें अतिरिक्त मार्गदर्शन दिया जाएगा। बैठक में सितंबर में होने वाली एसए-1 परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। विद्यालय प्रशासन ने सभी कार्यदिवसों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। संगोष्ठी में सैकड़ों अभिभावकों के अलावा शिक्षक सुशील कुमार झा, कौशल कुमार झा, निर्मल ओझा, पूनम कुमारी, अंजन दास, साहिदुल इस्लाम, परितोष कुमार, राजीव दास और नसीम उज्जमा समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे। विद्यालय प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों के सहयोग से हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।







