अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़: मई और जून की गर्मी कई बार शरीर की पूरी एनर्जी निकाल देती है. तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार पसीना निकलने की वजह से बॉडी में पानी की कमी होने लगती है. ऐसे मौसम में सिर्फ ठंडा पानी पीना काफी नहीं होता, बल्कि ऐसी चीजें खाना भी जरूरी होता है जो शरीर को अंदर से मजबूत रखें. अमड़ापाड़ा फतेपुर सीएचसी प्रभारी डॉ खालिद अहमद, डॉ आनंद,डॉ शिवम ऐसा मानते हैं कि वॉटर रिच फ्रूट्स गर्मियों में नेचुरल तरीके से बॉडी को ठंडा रखने में मदद करते हैं. ये फल ना सिर्फ शरीर में पानी की कमी पूरी करते हैं बल्कि जरूरी न्यूट्रिएंट्स भी देते हैं. अगर आप मई-जून की चिलचिलाती गर्मी में खुद को फ्रेश रखना चाहते हैं,तो इन 5 जूसी फलों को अपनी डाइट में जरूर शामिल करें.
तरबूज
मई-जून में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला फल तरबूज है. इसमें लगभग 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी होता है. यह शरीर को ठंडक देने के साथ डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करता है. तरबूज खाने से लंबे समय तक फ्रेश महसूस हो सकता है.
अनानास
अनानास गर्मियों में शरीर को ताजगी देने वाला जूसी फल माना जाता है. इसमें पानी अच्छी मात्रा में होता है और इसका हल्का खट्टा-मीठा स्वाद गर्मी में काफी रिफ्रेशिंग लगता है. अनानास शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ डाइजेशन में भी मदद कर सकता है.
खरबूजा
खरबूजा स्वाद में मीठा और बेहद रसदार होता है. इसमें पानी के साथ फाइबर भी पाया जाता है. गर्मी में इसे खाने से बॉडी को इंस्टेंट एनर्जी मिल सकती है और शरीर हाइड्रेट रहता है.
संतरा
संतरा गर्मियों में बॉडी को तरोताजा रखने में मदद कर सकता है. इसमें विटामिन C और पानी दोनों अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. यह शरीर को फ्रेश महसूस कराने के साथ इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में भी मदद करता है.
लीची
मई-जून में बाजार में मिलने वाली लीची कई लोगों की फेवरेट होती है. यह रस से भरपूर होती है और शरीर को ठंडक देने में मदद कर सकती है. इसका मीठा स्वाद गर्मियों में मूड भी फ्रेश कर देता है. और बताया गर्मी के मौसम में इन फलों को अपनी डेली डाइट का हिस्सा बनाकर शरीर को नेचुरल तरीके से हाइड्रेट रखा जा सकता है. कोशिश करें कि कटे हुए फलों को ज्यादा देर बाहर न रखें और हमेशा ताजे फल ही खाएं।








