Search

July 18, 2026 5:06 pm

जीएम से मिले ईजरप्पा पदाधिकारी, रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू समेत कई मांगों पर मिली सकारात्मक पहल।

पाकुड़। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन (ईजरप्पा) हावड़ा मंडल के अध्यक्ष-सह-भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय और सचिव राणा शुक्ला ने पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर से कोलकाता स्थित मुख्यालय में मुलाकात कर रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उप महाप्रबंधक शिवराम मांझी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने रामपुरहाट से साहिबगंज के बीच नई मेमू ट्रेन चलाने, पाकुड़ के ईशाकपुर एलसी गेट संख्या-39 (वेस्ट केबिन) तथा मालपहाड़ी अंतरराज्यीय मार्ग स्थित एलसी गेट पर रोड ओवरब्रिज निर्माण, कोलकाता–काजीरंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस का पाकुड़ स्टेशन पर ठहराव, पाकुड़–रामगढ़ स्टेशन पर पेयजल सुविधा के लिए चार फ्रिज लगाने, पाकुड़ स्टेशन ऑटो स्टैंड में हाईमास्ट लाइट और वीडियो वॉल स्थापित करने की मांग रखी। महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर ने करीब 40 मिनट तक विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा के बाद आश्वस्त किया कि यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रामपुरहाट–साहिबगंज मेमू ट्रेन के परिचालन के लिए मुख्य यात्री संचालन प्रबंधक को समय-सारणी तैयार करने का निर्देश देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईशाकपुर रोड ओवरब्रिज को स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि मुरारोई–बरहरवा रेलखंड पर अतिरिक्त रेललाइन बिछाने की योजना के कारण इसमें कुछ विलंब हो रहा है। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं मालपहाड़ी एलसी गेट पर आरओबी निर्माण की दोबारा जांच कराने का आदेश दिया गया है। पाकुड़ स्टेशन परिसर में हाईमास्ट लाइट और वीडियो वॉल लगाने की भी अनुमति प्रदान कर दी गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!