पाकुड़: जिले में तैनात डीएसपी रैंक के पांच पुलिस अधिकारियों के तबादले के बाद गुरुवार देर शाम पुलिस लाइन परिसर में सम्मान समारोह सह विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान साथ काम करने की यादें ताजा होते ही पुलिस पदाधिकारी और जवान भावुक नजर आए। कार्यक्रम का संचालन सब-इंस्पेक्टर सूर्य कुमार राम ने किया। विदाई समारोह में नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक अनुदीप कुमार सिंह, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, एसडीपीओ डी. एन. आजाद, डीएसपी अजय आर्यन एवं डीएसपी मनोज कुमार सहित जिले के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानांतरित अधिकारियों को अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
विदाई समारोह में डीएसपी मनोज कुमार ने कहा कि उन्हें नए पुलिस अधीक्षक अनुदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्य करने का अवसर नहीं मिल सका, जिसका उन्हें हमेशा मलाल रहेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी पुलिसकर्मियों का आभार जताया। वहीं एसडीपीओ डी. एन. आजाद ने पाकुड़ में बिताए दो वर्षों को याद करते हुए कहा कि यहां का कार्यकाल उनके लिए काफी यादगार रहा। उन्होंने दरोगा से लेकर एसडीपीओ तक के अपने सफर के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पाकुड़ में उन्हें हमेशा सहयोग और सम्मान मिला। मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ड्यूटी के दौरान यदि कभी किसी पुलिसकर्मी को डांटना पड़ा हो तो उसे गलत भावना से नहीं लेना चाहिए। उनका उद्देश्य हमेशा बेहतर कार्यसंस्कृति और अनुशासन कायम रखना रहा। उन्होंने पाकुड़ को शांतिप्रिय जिला बताते हुए कहा कि यदि अवसर मिला तो वह दोबारा यहां सेवा देना चाहेंगे। प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन ने वर्ष 2023 से 2026 तक पाकुड़ में प्रशिक्षण और कार्यकाल के दौरान मिले अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि यहां के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से उन्हें लगातार सहयोग मिला, जो उनके करियर में हमेशा याद रहेगा।
समारोह के अंत में पुलिस अधिकारियों और एसोसिएशन के सदस्यों ने स्थानांतरित अधिकारियों के साथ समूह तस्वीरें खिंचवाईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।





