पॉलिटेक्निक कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, SIR-2026 और ECINET ऐप से ऑनलाइन आवेदन की दी जानकारी
पाकुड़। लोकतंत्र में भागीदारी के लिए मतदान जितना जरूरी है, मतदाता सूची में नाम दर्ज होना भी उतना ही अहम है। इसी उद्देश्य से बुधवार को पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान के अधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को SIR-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और आवश्यक सुधार करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी भी दी गई, ताकि युवा डिजिटल माध्यम से निर्वाचन संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी और मतदान में सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मौके पर जिला हेल्प डेस्क मैनेजर सहित कॉलेज के शिक्षक मौजूद थे।







