Search

October 14, 2026 9:46 pm

त्योहार की मस्ती में सड़क पर न करें लापरवाही, एक चूक पड़ सकती है भारी

डीटीओ ने 300 विद्यार्थियों को किया जागरूक, बोले- नशे में ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी से बचें

पाकुड़। त्योहार की खुशियां सड़क हादसे में न बदलें, इसके लिए परिवहन विभाग ने युवाओं को सतर्क रहने का संदेश दिया। बुधवार को पाकुड़ पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित सड़क सुरक्षा कार्यशाला में करीब 200 से 300 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे खुद सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। युवाओं को यातायात नियमों का पालन कर समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने त्योहार के दौरान खास सावधानी बरतने और किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।

हेलमेट-सीट बेल्ट जरूरी, मोबाइल से बनाएं दूरी

कार्यशाला में हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, नियंत्रित गति, ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन के जरूरी दस्तावेज रखने तथा यातायात संकेतों का पालन करने पर जोर दिया गया। वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, भारी वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और अनावश्यक ओवरटेक से बचने की सलाह दी गई। त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर लगाने की अपील की गई।

हादसे के पीड़ितों की मदद करने वाली योजनाओं की जानकारी

विद्यार्थियों को राह-वीर योजना, पीएम कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम और हिट एंड रन से संबंधित योजना के बारे में बताया गया। साथ ही IRAD और eDAR के जरिए सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों के संग्रह व विश्लेषण की जानकारी दी गई। तकनीकी विद्यार्थियों से नवाचार और नई तकनीक के माध्यम से सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, रोड इंजीनियर एनालिस्ट मोहम्मद अजहद अंसारी, कॉलेज की प्राचार्या, शिक्षकगण और अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

IMG 20261014 WA0024

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!